पत्रकारों की सुरक्षा, आवास और पेंशन का मुद्दा उठा, उपमुख्यमंत्री से पांच सूत्री मांग
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पत्रकार/समाजसेवी शिवांशु शुक्ला ने उपमुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पांच सूत्री मांगें उठाई हैं।उन्होंने कहा कि पत्रकार विषम परिस्थितियों में निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें कई मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।पत्र में प्रत्येक जिले में पत्रकारपुरम अथवा पत्रकार कॉलोनी की स्थापना कर पत्रकारों को सुरक्षित आवास एवं भूखंड उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पत्रकारों पर होने वाले हमलों और उत्पीड़न पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून को सख्ती से लागू करने की मांग भी की गई है।उन्होंने कवरेज के लिए प्रदेशभर में आने-जाने वाले पत्रकारों को टोल टैक्स से छूट, रेलवे कंसेशन बहाल करने तथा किराये में रियायत देने की मांग रखी है। वहीं 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके, गंभीर रूप से बीमार और दिव्यांग पत्रकारों के लिए पेंशन योजना लागू करने की मांग की गई है।पत्र में गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को न्यूनतम 9 हजार रुपये प्रतिमाह सहायता दिए जाने की मांग भी शामिल है।शिवांशु शुक्ला ने उपमुख्यमंत्री से जनहित में मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है।