डीएम व सीडीओ ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
कांशीराम आवासीय कॉलोनी में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कॉलोनीवासियों ने मिलकर चलाया विशेष सफाई अभियान
बलरामपुर।स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से पूर्व जनपद को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में जनपद के सभी कांशीराम आवासीय कॉलोनी में जनसहयोग से प्रातः 7:00 बजे वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।विशेष बात यह रही कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर जनभागीदारी और श्रमदान की एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन के समीप काशीराम कॉलोनी में स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया तथा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।जिलाधिकारी ने कॉलोनीवासियों से संवाद करते हुए कहा कि अपने घर के साथ-साथ आसपास के परिसर को स्वच्छ रखना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी निवासियों से कॉलोनी में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा कराए जा रहे स्वच्छता कार्य तभी स्थायी रूप से सफल होंगे, जब उनमें स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी होगी।स्वच्छता अभियान को व्यापक स्वरूप देते हुए कांशीराम आवासीय कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों की ड्यूटी लगाई गई। विकास भवन के बगल स्थित कॉलोनी के साथ ही घुसाह पंचायत भवन के बगल, खलवा, विशुनापुर/कम्पोजिट विद्यालय के पास, विशुनापुर (ओवरब्रिज के पास) तथा विकास भवन के बगल स्थित अन्य आवासीय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई।अभियान में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ संबंधित विकास खंडों के अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। विभिन्न स्थलों पर साफ-सफाई कर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के साथ लोगों को भी अपने परिवेश की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता का वास्तविक उद्देश्य केवल एक दिन सफाई करना नहीं, बल्कि इसे दैनिक व्यवहार और आदत का हिस्सा बनाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए तथा लोगों को भी इस अभियान से लगातार जोड़ा जाए।जनसहयोग बना अभियान की ताकत जिला प्रशासन की इस पहल में स्थानीय लोगों की सहभागिता ने अभियान को विशेष बनाया। अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा एक साथ श्रमदान किए जाने से “स्वच्छता में सबकी भागीदारी” का संदेश दिया गया। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित यह अभियान स्वच्छता के साथ-साथ नागरिक जिम्मेदारी एवं सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल रही।जिला प्रशासन द्वारा इस विशेष अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वच्छ जनपद की परिकल्पना केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रशासन और आमजन के साझा प्रयास से ही साकार हो सकती है।