Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

बुजुर्ग दंपती से तमंचा सटाकर चेन लूटने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

रिपोर्ट -ब्यूरो आचार्य स्कंद दास अयोध्या धाम

अयोध्या। थाना तारुन क्षेत्र में 27 अगस्त को बुजुर्ग दंपती से तमंचा सटाकर सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने राजफाश कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा, दो कारतूस और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना में शामिल तीसरा आरोपित फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बलवंत सिंह चौधरी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत तारुन पुलिस ने कार्रवाई की। घटना के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस, सीडीआर, बीटीएस और त्रिनेत्र एप के माध्यम से संदिग्धों की पहचान की गई।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहित वर्मा पुत्र लाखन वर्मा निवासी कोल्हमपुर विसेन, थाना नवाबगंज, गोंडा और अमर निषाद उर्फ डमरू पुत्र आशाराम निषाद निवासी दुल्लापुर, थाना नवाबगंज, गोंडा के रूप में हुई है। दोनों के पास से पीड़िता से लूटी गई सोने की चेन, पल्सर मोटरसाइकिल, 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल रामबाबू निषाद पुत्र चन्द्रबली निवासी मल्लाहन का पुरवा दुल्लापुर, थाना नवाबगंज, गोंडा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक मोहित वर्मा के विरुद्ध नवाबगंज थाने में आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा तारुन थाने में लूट से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। अमर निषाद उर्फ डमरू के विरुद्ध भी तारुन थाने में संबंधित मुकदमा दर्ज है।गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.