Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

वर्षों से बंद नायरा पेट्रोल पंप फिर हुआ शुरू, ग्रामीणों को मिलेगी राहत

रिपोर्ट -जिला संवाददाता रमेश कुमार शर्मा

सादुल्लानगर/बलरामपुर। रेहरा बाजार क्षेत्र के परसिया पतकरपुर-सादुल्लानगर-रेहरा बाजार मुख्य मार्ग पर हीरो एजेंसी के पास वर्षों से बंद पड़े नायरा पेट्रोल पंप का शुक्रवार देर शाम पुनः शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि सादुल्लानगर थाना प्रभारी सतेंद्र वर्मा और सपा नेता डॉ. परवेज उमर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। इस दौरान पेट्रोल पंप के मैनेजर मौलाना मोहिबुल्लाह ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

लंबे समय से पेट्रोल पंप बंद होने के कारण क्षेत्र के वाहन चालकों और ग्रामीणों को पेट्रोल-डीजल भराने के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ता था। इसके लिए उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय के साथ ईंधन की भी खपत होती थी। अब पेट्रोल पंप के दोबारा संचालन से लोगों को इस समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

परसिया पतकरपुर से सादुल्लानगर होते हुए रेहरा बाजार को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया, निजी और व्यावसायिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में मार्ग पर पेट्रोल पंप की सुविधा उपलब्ध होने से वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिलेगी।उद्घाटन के मौके पर स्थानीय लोगों ने पेट्रोल पंप के पुनः संचालन पर खुशी जताई। लोगों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद सुविधा बहाल होने से आसपास के गांवों के लोगों को अब ईंधन के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।पेट्रोल पंप के संचालन से क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के बाद पंप पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। वर्षों से बंद सुविधा के दोबारा शुरू होने से क्षेत्रवासियों में राहत और उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.