वीडियो बनाने के दौरान बिसुही नदी में डूबे छात्र कैफ का शव बरामद
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सादुल्लानगर,बलरामपुर।गोंडा-बलरामपुर सीमा पर अमघटी पुल के पास बिसुही नदी में मंगलवार दोपहर वीडियो बनाते समय डूबे 19 वर्षीय छात्र मोहम्मद इब्राहिम उर्फ कैफ का शव बुधवार सुबह करीब आठ बजे बरामद कर लिया गया। हादसे के दूसरे दिन स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसर गया।सूचना मिलने पर मनकापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से ही स्थानीय लोग और गोताखोर नदी में छात्र की तलाश में जुटे थे। बुधवार सुबह शव बरामद होने के बाद परिवार को इसकी सूचना दी गई।मृतक कैफ तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही ननिहाल गूमा फातमाजोत और पैतृक गांव काजीपुर (नवाबगंज) में शोक की लहर दौड़ गई। पिता आलम, मां तरमीम बानो, मामा अनस और छोटे भाइयों हुसैन (13) व मोहम्मद हुसैन (10) का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार कैफ के शव को पोस्टमार्टम के बाद पैतृक गांव काजीपुर ले जाया जाएगा, जहां उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।कैफ सादुल्लानगर स्थित हाजी इस्माईल इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं का छात्र था। बुधवार को छात्र की मौत की पुष्टि होते ही विद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। विद्यालय में शोक सभा आयोजित की गई। शिक्षकों और सहपाठियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्र की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उसे भावभीनी श्रद्धांजलि दी।कैफ की मौत से परिवार के साथ ही उसके दोस्तों, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों में भी शोक व्याप्त है। हादसे ने नदी किनारे सुरक्षा और युवाओं द्वारा वीडियो बनाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।