डीएम ने किया राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा का निरीक्षण
रिपोर्ट ब्यूरो बलरामपुर
कक्षाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का लिया जायजा, विद्यार्थियों की संख्या एवं शैक्षिक कैलेंडर की समीक्षा
बिना मान्यता संचालित विद्यालयों पर हो सख्त कार्रवाई, चिन्हित कर सील किए जाने के निर्देश
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित कक्षाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं एवं संसाधनों का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों के शैक्षिक आउटकम को और बेहतर किए जाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी प्राप्त की तथा विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था का अवलोकन किया।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके लर्निंग आउटकम में निरंतर सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए नियमित आकलन करते हुए आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जाएं।जिलाधिकारी ने विद्यालय के वार्षिक शैक्षिक कैलेंडर का भी अवलोकन किया। उन्होंने शैक्षिक कैलेंडर के अनुरूप निर्धारित पाठ्यक्रम एवं शैक्षिक गतिविधियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें अतिरिक्त शैक्षिक सहयोग प्रदान किया जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ‘पंख’ करियर गाइडेंस कक्ष का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न करियर विकल्पों के संबंध में नियमित मार्गदर्शन प्रदान किए जाने पर जोर दिया, जिससे विद्यार्थी भविष्य के लिए बेहतर विकल्प चुन सकें।जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर एवं उपलब्ध भूमि का निरीक्षण करते हुए पाया कि इंटर कॉलेज में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। उन्होंने निर्देशित किया कि उपलब्ध स्थान एवं संसाधनों का शैक्षिक दृष्टि से अधिकतम एवं बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। परिसर में ऐसी शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिनसे विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास में सहायता मिले।विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या एवं कक्षाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यकता के अनुरूप सेक्शन बढ़ाए जाने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके और कक्षाओं का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित बिना मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों को चिन्हित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा ऐसे विद्यालयों को सील कराया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य एवं शैक्षिक हितों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण एवं करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।