Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

गणेश-लक्ष्मी पूजा को लेकर तैयारियां तेज, प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे मूर्तिकार

रिपोर्ट & ब्यूरो बलरामपुर

सादुल्लानगर,बलरामपुर। आगामी गणेश-लक्ष्मी पूजा को लेकर सादुल्लानगर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडालों के निर्माण और सजावट का काम शुरू हो गया है। वहीं, मूर्तिकार गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। पूजा को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ने लगी है।अहिरौला निवासी मूर्तिकार राम केवल भारती ने बताया कि इस बार गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं की मांग अधिक है। कई प्रतिमाएं तैयार हो चुकी हैं, जबकि कुछ में रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम अंतिम चरण में है।प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने के लिए बारीकी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई पूजा समितियों ने पहले ही प्रतिमाओं की बुकिंग करा दी है। निर्धारित समय पर प्रतिमाएं आयोजकों को सौंप दी जाएंगी।इधर, क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों में पूजा समितियां भी सक्रिय हो गई हैं।समितियों के पदाधिकारी पंडाल निर्माण, विद्युत सजावट, साफ-सफाई और पूजा कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। कई जगह पंडालों का ढांचा तैयार किया जा रहा है।पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह दिखाई देने लगा है। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, बाजार में पूजन सामग्री, सजावटी सामान और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी भी बढ़ने लगी है।पूजा नजदीक आने के साथ क्षेत्र में धार्मिक माहौल और अधिक उत्सवमय होने की उम्मीद है। पूजा समितियां शांतिपूर्ण और भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.