Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

एक साथ कई बैंक शाखाएं रहीं बंद, परेशान होकर लौटे ग्राहक

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सादुल्लानगर(बलरामपुर)। क्षेत्र में शुक्रवार को इंडियन बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक और भारतीय स्टेट बैंक की शाखाएं बंद रहने से ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह बैंकिंग कार्य के लिए पहुंचे कई ग्राहक शाखाओं के बंद मिलने पर निराश होकर वापस लौट गए।बैंक बंद रहने से खाताधारकों के जरूरी काम अटक गए। नकदी जमा करने और निकालने, खाते से संबंधित कार्य कराने समेत अन्य लेनदेन के लिए पहुंचे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई लोग किराया खर्च कर दूर-दराज के गांवों से बैंक पहुंचे थे।
ग्राहकों का कहना है कि किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, पेंशनधारकों समेत आम खाताधारकों के रोजमर्रा के कई काम बैंकिंग सेवाओं पर निर्भर हैं। ऐसे में शाखाएं बंद रहने से लोगों को आर्थिक और समय दोनों का नुकसान उठाना पड़ा।
बैंक ग्राहक इमरान, हिदायत संदीप ने बताया कि वे जरूरी काम से बैंक पहुंचे थे, लेकिन शाखा बंद होने के कारण उनका काम नहीं हो सका। ग्राहकों ने कहा कि बैंक बंद रहने की पूर्व सूचना स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि लोग अनावश्यक रूप से बैंक तक आने से बच सकें।
ग्राहकों ने संबंधित बैंक अधिकारियों से मांग की है कि शाखा बंद रहने की स्थिति में समय से सूचना सार्वजनिक की जाए और संभव हो तो वैकल्पिक बैंकिंग व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। एक साथ कई प्रमुख बैंक शाखाओं के बंद रहने से शुक्रवार को क्षेत्र में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.