Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

उतरौला के बारदही बाजार से शुरू हुआ अतिक्रमण अभियान

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

उतरौला। सड़क की पटरियों और नालियों पर कब्जा जमाकर बैठे लोगों के खिलाफ शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा। उपजिलाधिकारी योगेंद्र शरण शाह के नेतृत्व में प्रशासनिक अमले ने तुल्सीपुर मार्ग से लेकर उतरौला नगर के बरदही बाजार तिराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही कई कब्जेदारों में खलबली मच गई और वे अपनी अस्थायी गुमटी, टीनशेड व अन्य सामान खुद हटाने में जुट गए।प्रशासन की टीम ने सड़क की पटरियों और नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी भी पूरी तरह मुस्तैद रहे। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी निर्माणों को हटाकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की कवायद की गई।उपजिलाधिकारी योगेंद्र शरण शाह ने कहा कि अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन की ओर से लोगों को पहले ही सूचना दी जा चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क की पटरियों और नालियों पर किए गए अवैध कब्जे को स्वयं हटा लें। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद कब्जा नहीं हटाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सार्वजनिक रास्तों, पटरियों और नालियों पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन के अभियान के बाद कब्जेदारों में हड़कंप की स्थिति रही।अतिक्रमण हटाने के दौरान सीओ उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार, कोतवाल अवधेश राज सिंह, शिव कैलाश सहित नगर पालिका के अमित कुमार, मोहसिन खान तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने अभियान को आगे बढ़ाया। कार्रवाई के दौरान कई लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही अपने अस्थायी निर्माण हटाने शुरू कर दिए।प्रशासन की सख्ती से सड़क की पटरियां खाली होने लगी हैं। आने वाले दिनों में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.