Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सगरा तालाब में 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी

रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा

सीओ नगर व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य, डूबने से मौत की आशंका

गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के सगरा तालाब के पास सोमवार दोपहर करीब दो बजे एक 19 वर्षीय युवती का उतराता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सीओ नगर योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे।स्थानीय लोगों व गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवती के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। प्रथमदृष्टया तालाब में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है।हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत तालाब में डूबने से हुई या उसने आत्महत्या की। इसके अलावा अन्य संभावित पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। तालाब के दोनों ओर आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ नगर योगेंद्र सिंह ने बताया कि सगरा तालाब में युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.