राज्यमंत्री,प्रभारी मंत्री ने पीएम कम्पोजिट विद्यालय धुसाह एवं आंगनबाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बच्चों से संवाद कर परखी शैक्षिक गुणवत्ता, किताब पढ़वाकर जाना पठन कौशल बच्चों को नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ने और प्रतिदिन एक घंटा खेलने की दी सीख
आंगनबाड़ी केन्द्र पर गोद भराई एवं अन्नप्राशन कर बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना
बलरामपुर।प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति, उत्तर प्रदेश सतीश चन्द्र शर्मा जी ने जनपद के भ्रमण के दौरान पीएम कम्पोजिट विद्यालय, धुसाह एवं परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान राज्यमंत्री ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं, पठन-पाठन की स्थिति, बच्चों के शैक्षिक स्तर तथा मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया।विद्यालय के निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री सीधे कक्षाओं में पहुंचे और बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कक्षा 1, कक्षा 2 एवं कक्षा 5 के विद्यार्थियों से उनके पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे। इसके साथ ही सामान्य ज्ञान के प्रश्नों के माध्यम से बच्चों की जानकारी एवं समझ को परखा।राज्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पाठ्यपुस्तकों के पाठ पढ़वाकर उनके पठन कौशल एवं शैक्षिक गुणवत्ता की जानकारी ली। बच्चों द्वारा उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए जाने पर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया तथा निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।राज्यमंत्री ने बच्चों को सफलता की सीख देते हुए कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, नियमित रूप से विद्यालय आएं तथा पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अवश्य खेलें। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, स्वच्छता एवं अच्छी आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए भी प्रेरित किया।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ बच्चों में अच्छी आदतों, अनुशासन, स्वच्छता, समयबद्धता एवं सकारात्मक सोच का विकास किया जाए। बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करते हुए उनकी रुचि के अनुरूप सीखने का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।इस दौरान राज्यमंत्री ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा भोजन की गुणवत्ता एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।इसके उपरांत राज्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र पर बच्चों एवं महिलाओं को दी जा रही सेवाओं तथा पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर राज्यमंत्री द्वारा गर्भवती महिला की गोद भराई की गई तथा बच्चे का अन्नप्राशन कराया गया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं देखभाल पर विशेष ध्यान दिए जाने का संदेश दिया तथा बच्चे के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, जिलाध्यक्ष श्री रवि मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।