Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर हरहाटा का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं एवं दवाओं की उपलब्धता का लिया जायजा

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

ग्राम पंचायत सचिवालय हरहाटा का भी किया निरीक्षण, ऑनलाइन सेवाओं एवं परिवार रजिस्टर की स्थिति परखी

बलरामपुर।आमजन को स्थानीय स्तर पर बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकासखंड तुलसीपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर हरहाटा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरोग्य मंदिर में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ओपीडी संचालन, टीकाकरण, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।डीएम ने निर्देश दिया कि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले। इसके लिए लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए ओपीडी की संख्या बढ़ाई जाए तथा आने वाले मरीजों को निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।टीकाकरण कार्य की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि टीकाकरण की ड्यू लिस्ट नियमित रूप से अपडेट रखी जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा अथवा गर्भवती महिला निर्धारित टीकाकरण से वंचित न रहे। स्वास्थ्य कर्मी क्षेत्र में नियमित संपर्क एवं जागरूकता के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को समय से टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय हरहाटा का निरीक्षण कर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवालय के माध्यम से प्रदान की जा रही ऑनलाइन सेवाओं का जायजा लिया तथा निर्देश दिया कि ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय एवं ऑनलाइन सेवाओं का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए, जिससे उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से अन्य कार्यालय न जाना पड़ें।
जिलाधिकारी ने परिवार रजिस्टर का भी अवलोकन किया तथा अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालय ग्रामीण स्तर पर शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए यहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य एवं ग्राम पंचायत स्तर की सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएं।इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.