धान के खेत में सांप ने महिला को डसा, उपचार के दौरान मौत
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहराबाजार(बलरामपुर)। थाना रेहरा बाजार क्षेत्र के अहिरौली बुजुर्ग गांव में बुधवार रात धान के खेत में शौच के लिए गई महिला को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा बाजार लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।अहिरौली बुजुर्ग निवासी रुकसिन (55) पत्नी केताई वर्मा बुधवार रात करीब आठ बजे शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान खेत में मौजूद सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को तत्काल सीएचसी रेहरा बाजार ले गए।अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया। बताया गया कि उन्हें एंटीवेनम भी दिया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं।सूचना पर थानाध्यक्ष अनिल दीक्षित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बारिश के मौसम में खेतों और झाड़ियों में सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने खेतों में काम करने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी जाती है।