आंधी-पानी ने बिगाड़ी बिजली और यातायात व्यवस्था, डीएम ने खुद संभाली कमान
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
क्षतिग्रस्त बिजली पोल, सड़कों पर गिरे पेड़ और नदियों की कटान के बीच जनपद में दौड़ रहा प्रशासनिक अमला
बलरामपुर। बीते दिनों आंधी और बारिश ने जनपद की व्यवस्थाओं को बुरी तरह प्रभावित किया। तेज हवाओं के चलते जगह-जगह विद्युत पोल और तार क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गए, वहीं बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ने से कई मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया। बिजली व्यवस्था प्रभावित होने और रास्ते बंद होने से आम जनमानस को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देते हुए मोर्चा संभाल लिया।व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने स्वयं कमान संभाली। बारिश के बीच वह जनपद के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मौके की स्थिति का जायजा लेते रहे। सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल एवं तारों को दुरुस्त कराने तथा बाधित मार्गों को शीघ्र चालू कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।प्रशासन की सक्रियता का असर यह रहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति देने के साथ-साथ विद्युत एवं यातायात व्यवस्था को सामान्य करने के प्रयास तेज किए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित क्षेत्र में आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराया जाए।
उधर, लगातार बारिश के कारण नदियों के जलस्तर और कटान की स्थिति पर भी जिला प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। विशेष रूप से राप्ती नदी में बढ़ते जलस्तर तथा नदी किनारे हो रही कटान को लेकर प्रशासन सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ संभावित खतरे वाले स्थानों पर आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।बारिश और प्राकृतिक आपदा के बीच जिलाधिकारी का स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचना प्रशासनिक सक्रियता का संदेश दे रहा है। जिला प्रशासन का जोर फिलहाल बिजली, सड़क, जलभराव और नदी कटान से प्रभावित क्षेत्रों में सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल करने तथा आम जनमानस को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने पर है।