01 अक्टूबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, डीएम ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
डीएम ने दिलाई स्वच्छता एवं संचारी रोगों से बचाव की शपथ, घर-घर पहुंचेगा बचाव एवं स्वच्छता का संदेश
अन्तर्विभागीय समन्वय से गांव से लेकर शहर तक चलेगी संचारी रोगों के रोकथाम हेतु मुहिम
बलरामपुर।जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं आमजन को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 01 अक्टूबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा संचारी रोगों से बचाव के प्रति स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई।जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का अभियान नहीं, बल्कि अन्तर्विभागीय समन्वय एवं जनसहभागिता से संचालित होने वाला व्यापक अभियान है। इसका उद्देश्य बीमारी होने के बाद उपचार तक सीमित न रहकर स्वच्छता, साफ पेयजल, मच्छर एवं अन्य रोग वाहकों के नियंत्रण और व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से बीमारियों की रोकथाम करना है।उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, कारण एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हुए जलभराव वाले स्थानों की सफाई, नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा मच्छरों के प्रजनन वाले संभावित स्थलों को समाप्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज, ग्राम्य विकास, नगर विकास/नगर निकाय, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पशुपालन, कृषि, सिंचाई एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से गतिविधियां संचालित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोगों की निगरानी, जांच, उपचार एवं जनजागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।पंचायती राज एवं नगर निकायों द्वारा स्वच्छता, नालियों की सफाई एवं जलभराव की रोकथाम, शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में बच्चों को संचारी रोगों से बचाव एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों एवं समुदाय स्तर पर माताओं और बच्चों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।इसी प्रकार संबंधित विभागों द्वारा अपने-अपने स्तर पर साफ-सफाई, सुरक्षित पेयजल, मच्छरजनित रोगों से बचाव, पर्यावरणीय स्वच्छता तथा समुदाय में जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए “बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय” है। घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अभियान को ग्राम एवं वार्ड स्तर तक प्रभावी ढंग से सभी गतिविधियों कोबक्रियान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घर, मोहल्ले एवं गांव को स्वच्छ रखने और संचारी रोगों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की।