3 घंटे 40 मिनट में 30 किलोमीटर दौड़ी 7 साल की अनामिका,तिरंगा लेकर पहुंची गांधी पार्क
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
डीआईजी और बीएसए ने किया सम्मानित, ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य
गोंडा। परिश्रम ही सफलता की कुंजी है, इसे गोंडा की सात वर्षीय अनामिका मिश्रा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से साबित कर दिखाया। इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में कक्षा दो की छात्रा अनामिका ने शुक्रवार सुबह करीब छह बजे विद्यालय से तिरंगा हाथ में लेकर 30 किलोमीटर की मैराथन दौड़ शुरू की। वह लगातार 3 घंटे 40 मिनट तक दौड़ते हुए गोंडा के गांधी पार्क पहुंची। अनामिका ने पूरी दौड़ के दौरान अपने दाहिने हाथ में तिरंगा थामे रखा। गांधी पार्क पहुंचने के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष नतमस्तक होकर उसने अपनी मैराथन दौड़ का समापन किया। इस उपलब्धि पर डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी समय प्रकाश पाठक सहित स्थानीय लोगों ने उसका स्वागत किया और माला पहनाकर सम्मानित किया।प्रशासन ने की सुरक्षा की व्यवस्था सात वर्षीय छात्रा की इस मैराथन दौड़ को सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक मजिस्ट्रेट, एंबुलेंस और पुलिसकर्मियों की व्यवस्था की गई थी।सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में अनामिका ने पूरी दूरी तय की। चार साल से कर रही है तैयारी मैराथन पूरी करने के बाद अनामिका ने बताया कि वह पिछले चार साल से दौड़ की तैयारी कर रही है। उसने कहा कि वह बड़ी होकर ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना चाहती है। उसे दौड़ के लिए प्रेरणा अपने पिता और बड़ी बहन से मिली है। 30 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद अनामिका ने खुशी जताते हुए कहा कि वह बिना रुके अपने लक्ष्य तक पहुंची।डीआईजी ने की प्रतिभा की सराहना डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने अनामिका की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। इतनी कम उम्र में अनामिका ने जिस तरह की प्रतिभा और मेहनत दिखाई है, उससे वह भविष्य में बहुत आगे जा सकती है। उन्होंने कहा कि बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिलना चाहिए।इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करा चुकी है नाम अनामिका के पिता और विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज मिश्रा ने बताया कि उनकी बेटी पिछले चार वर्षों से लगातार अभ्यास कर रही है। इससे पहले अनामिका एक घंटे में 10 किलोमीटर दौड़ पूरी कर चुकी है। इसके अलावा उसने आठ मिनट में 240 पुशअप लगाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया है।मनोज मिश्रा ने बताया कि अनामिका का लक्ष्य भविष्य में ओलंपिक में जाकर मैराथन दौड़ और भारोत्तोलन में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।उन्होंने बताया कि अनामिका की बड़ी बहन अंशिका मिश्रा, जिन्हें ‘गूगल गर्ल’ के नाम से जाना जाता है, के तमाम मेडल देखकर अनामिका ने भी देश के लिए पदक जीतने का संकल्प लिया। अब वह लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।