Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

नवरात्रि-दशहरा में शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कसी कमर

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

रेहरा बाजार,बलरामपुर। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को थाना रेहरा बाजार परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्गा पूजा पंडाल, रामलीला आयोजकों के साथ ग्राम प्रधान, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक और डीजे संचालक शामिल हुए।पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक में सीओ और थानाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने आयोजकों को शासन व उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी आयोजक और नागरिक सहयोग करें।पुलिस अधिकारियों ने अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक संदेशों को प्रसारित न करने की अपील की। किसी भी विवाद, समस्या या अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में मौजूद आयोजकों और गणमान्य नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान थानाध्यक्ष अनिल दीक्षित समेत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.