दूसरे चक्र के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण एचआरए इंटर कॉलेज उतरौला में संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
उतरौला, बलरामपुर। भारत की जनगणना-2027 के दूसरे चक्र के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को एचआरए इंटर कॉलेज, उतरौला में संपन्न हुआ। इसमें 24 प्रशिक्षकों ने 550 प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया, दिशा-निर्देशों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी।तहसीलदार वीरेंद्र प्रताप ने प्रशिक्षित कर्मियों को निर्धारित समयसीमा में शुद्धता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ गणना कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले चरण में कर्मियों ने अच्छा कार्य किया था। दूसरे चरण में भी बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए सभी को प्रोत्साहित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों के नाश्ते और भोजन की भी व्यवस्था रही।16 नवंबर से स्वगणना, दिसंबर से घर-घर गणना
तहसीलदार ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में मकानों की गणना पूरी हो चुकी है। दूसरे चरण में व्यक्तियों की गणना की जाएगी। इसके लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे।
पांच जनवरी से होगा रिवीजन काउंट
नायब तहसीलदार मिथलेश कुमार यादव ने बताया कि पांच से नौ जनवरी 2027 तक रिवीजन काउंट किया जाएगा। इस दौरान निर्धारित गणना अवधि से संबंधित जन्म और मृत्यु जैसी परिस्थितियों के अनुसार विवरण में संशोधन किया जाएगा। चार जनवरी की मध्यरात्रि को बेघर व्यक्तियों का सर्वे भी किया जाएगा।उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान लोगों से विभिन्न विषयों पर कुल 40 प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें कोविड-19 टीकाकरण की जानकारी, आधार नंबर, बैंक खातों की संख्या, मतदाता पहचान पत्र और पासपोर्ट व ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित विवरण शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अलग से कोई प्रपत्र लेने की आवश्यकता नहीं होगी और लोगों की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर विवरण दर्ज किया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम योगेंद्र शरण शाह, संग्रह अमीन जैन खान, अम्मार रिजवी सहित अन्य कर्मचारियों का योगदान रहा।