25 हजार का इनामी अंतरजनपदीय शातिर चोर दिल्ली से गिरफ्तार, पांच मुकदमों में था वांछित
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
साकेत कोर्ट के बाहर तुलसीपुर पुलिस ने दबोचा, प्राइमरी स्कूल से बैटरी चोरी समेत कई वारदातों में था आरोपी
बलरामपुर। तुलसीपुर पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय अपराधी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के काशीराम कॉलोनी निवासी रामू उर्फ राजेश कश्यप उर्फ राजेश राजभर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे दिल्ली स्थित साकेत कोर्ट के साउथ गेट के बाहर से गिरफ्तार किया। न्यायालय से दो दिन का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बुधवार को उसे विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय रवाना कर दिया गया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 18 नवंबर 2024 को तुलसीपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नचौरा से सोलर पैनल की दो बैटरियां चोरी की थीं। इसके बाद 28 जून 2025 को ग्राम बिलोहा में एक घर से मोबाइल, सोने के टॉप्स और लॉकेट चोरी किए। वहीं, 3 जुलाई 2025 को शीतलापुर में एक दुकान से मोबाइल फोन चोरी किया था।5 जुलाई 2025 को तुलसीपुर पुलिस ने आठ मोबाइल फोन, चोरी की दो मोटरसाइकिल और पीली धातु के दो लॉकेट बरामद किए थे। इन मामलों में भी आरोपी के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक स्वतंत्र कुमार, सन्नी देव कुमार और आरक्षी शुभम वर्मा शामिल रहे।पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और जीआरपी आनंदनगर में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, मारपीट, धोखाधड़ी और पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले भी शामिल हैं।