पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, शक के चलते पति ने किया खौफनाक कत्ल, गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
100 मीटर दूर झाड़ी में छुपाई थी हत्या की कुल्हाड़ी बरामद
गोंडा। जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी के किसी और से फोन पर बात करने के शक में एक सिरफ़िरे पति ने कुल्हाड़ी से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी पति को कौड़िया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव के बाहर से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम कोटिया मदारा मजरा कौड़िया निवासी मनोज कुमार अपनी पत्नी सुमन शुक्ला (उम्र लगभग 28 वर्ष) के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि 20 नवंबर की रात करीब 9-10 बजे के आसपास मनोज ने अपनी पत्नी सुमन को मोबाइल फोन पर किसी अन्य व्यक्ति से बात करते हुए देख लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। शक के वशीभूत होकर गुस्से में आगबबूला हुए मनोज ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पत्नी सुमन के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। कुल्हाड़ी के वार से सुमन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतका की मां की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का केस
घटना की सूचना मृतका की मां को मिली तो वह मौके पर पहुंची। जिसके बाद मृतका की मां की लिखित तहरीर पर कौड़िया थाने में आरोपी पति के विरुद्ध मु0अ0सं0 293/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने किया गिरफ्तार, झाड़ी से बरामद हुई खून से सनी कुल्हाड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोंडा के निर्देशन में कौड़िया थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने 21 नवंबर को गांव के बाहर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास खेत के किनारे घेराबंदी कर आरोपी मनोज को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर झाड़ी में फेंकी गई, हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।