फर्जी दस्तावेजों से खाते खोल साइबर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो अयोध्या धाम
अयोध्या। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते खोलकर साइबर ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, चेकबुक, आधार-पैन कार्ड सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर क्राइम टीम ने मुखबिर की सूचना पर विकास मिश्रा उर्फ विकेश और विनय कुमार दूबे को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी आधार कार्ड बनाकर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे और एटीएम व चेकबुक साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बेच देते थे।पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 32 एटीएम कार्ड, 17 चेकबुक, 10 पासबुक, 15 आधार कार्ड, 8 पैन कार्ड, एक लैपटॉप, स्वैप मशीन सहित अन्य सामग्री और एक कार बरामद की है।पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर अपराध समेत कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।