Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

लखनऊ के मंच पर गरजा बलरामपुर, शिक्षकों ने लहराया सम्मान का परचम

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

NMMS में धुआंधार प्रदर्शन, गुरुओं की मेहनत से जिले ने रचा इतिहास

सहजौरा से बिजुआकला तक सफलता का तूफान, हर ओर गूंजा नाम

सम्मान की चमक से रोशन बलरामपुर, शिक्षकों की मेहनत बनी मिसाल

रेहरा बाजार/बलरामपुर। जिले के शिक्षकों ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन से पढ़ाया गया ज्ञान ही विद्यार्थियों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में बेहतरीन प्रदर्शन कराने वाले बलरामपुर के पांच शिक्षकों को राजधानी लखनऊ में भव्य समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) द्वारा रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल में आयोजित इस समारोह में शिक्षकों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान को सराहा गया।कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन, प्रयागराज के प्राचार्य अजय कुमार सिंह एवं सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने किया। इस दौरान पीएम विद्यालय सहजौरा के शिक्षक राम करन यादव, उच्च प्राथमिक विद्यालय समवापुर कला उतरौला के रविकांत चौधरी, उच्च प्राथमिक विद्यालय देवीपाटन के रोकेश कुमार दूबे, उच्च प्राथमिक विद्यालय शंकरपुर कला के विजय कुमार और उच्च प्राथमिक विद्यालय बिजुआकला के राजेश्वर प्रसाद यादव को मंच पर सम्मानित किया गया। यह पल न केवल शिक्षकों के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण रहा।
बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि सम्मानित शिक्षकों के विद्यालयों से पांच या उससे अधिक छात्रों का चयन इस प्रतिष्ठित परीक्षा में हुआ है, जो शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षकों की मेहनत को दर्शाता है। खास बात यह रही कि उच्च प्राथमिक विद्यालय बिजुआकला पचपेड़वा ने 19 विद्यार्थियों का चयन कराकर जिले में पहला स्थान हासिल किया, जबकि पीएम कंपोजिट विद्यालय सहजौरा ने 7 छात्रों के चयन के साथ दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।प्रधानाध्यापक अब्दुर्रज्जाक, श्रीराम, मोहम्मद अफजल, सत्येंद्र प्रताप आर्य, मघईराम, शिवपूजन वर्मा, महेश कुमार वर्मा, वीरेंद्र कुमार, मुश्ताक अली और राबिया बसरी सहित सभी शिक्षकों ने राम करन यादव को मिठाई खिलाकर बधाई दी। यह सफलता न केवल एक विद्यालय की, बल्कि पूरे बलरामपुर जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.