केंद्रीय राज्य मंत्री,सांसद गोंडा कीर्तिवर्धन सिंह की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सड़क, विद्युत, बाढ़ राहत एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा
बलरामपुर।जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक सांसद गोंडा एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश मंत्रालय कीर्तिवर्धन सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों की विभागवार गहन समीक्षा की गई तथा सभी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।बैठक में एमएलसी साकेत मिश्रा,विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला,विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, सांसद श्रावस्ती राम शिरोमणि वर्मा,जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, नगर पालिका परिषद बलरामपुर चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू , नगर पालिका उतरौला अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं समस्त ब्लॉक प्रमुख उपस्थित रहे।बैठक में सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।जनप्रतिनिधिगण द्वारा विभिन्न संपर्क मार्गों के मुद्दे रखे गए। इस पर मंत्री,सांसद ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख मार्गों के सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण को प्राथमिकता के साथ कार्ययोजना में शामिल कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।मंत्री ने बारिश से पूर्व सभी बाढ़ सुरक्षा कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। पहाड़ी नालों की सिल्ट सफाई पर चर्चा करते हुए अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड ने अवगत कराया कि 18 पहाड़ी नालों पर कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा अन्य पहाड़ी नालों पर सिल्ट सफाई कार्य को भी कार्ययोजना में शामिल किया जा रहा है।जनपद में विद्युत आपूर्ति को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदला जाए तथा आवश्यकतानुसार उनकी क्षमता वृद्धि सुनिश्चित की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विद्युत, सड़क, बाढ़ राहत एवं जल जीवन मिशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनप्रतिनिधिगण के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था एवं कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधिगण द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, डीएफओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।