जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना अभियान कल से प्रारंभ
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
07 मई से 21 मई तक चलेगा विशेष जनजागरूकता एवं सहभागिता अभियान
प्रतिदिन विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं सामाजिक समूहों के माध्यम से चलेंगी गतिविधिया
बलरामपुर।जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु जनपद बलरामपुर में 07 मई से 21 मई 2026 तक “स्व-गणना अभियान” संचालित किया जाएगा। इस दौरान आमजन स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर दर्ज कर सकेंगे।जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि देश में पहली बार स्व-गणना जैसी आधुनिक एवं डिजिटल व्यवस्था लागू की जा रही है, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी एवं सहभागी बनेगी। उन्होंने सभी विभागों, संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों को अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।स्व-गणना अभियान के सफल संचालन हेतु 07 मई से 20 मई तक प्रतिदिन अलग-अलग विभागों, संस्थाओं, सामाजिक समूहों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना हेतु जागरूक करना एवं डिजिटल माध्यम से जुड़ने में सहायता प्रदान करना है।अभियान के अंतर्गत पहले दिन 07 मई को राजस्व एवं प्रशासनिक विभागों के माध्यम से कलेक्ट्रेट, तहसील एवं कार्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 08 मई को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों एवं पंचायत भवनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।09 मई को युवा, खेल एवं मीडिया समूहों के सहयोग से सोशल मीडिया, एनएसएस, एनसीसी एवं युवा संगठनों द्वारा डिजिटल प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 10 मई को प्रबुद्ध नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं शहरी समूहों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। 11 मई को न्यायिक दिवस के अंतर्गत न्यायालय परिसर एवं बार एसोसिएशन के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।12 मई को पुलिस एवं सुरक्षा बलों के माध्यम से पुलिस लाइन, चौकियों एवं विभागीय इकाइयों में अभियान चलाया जाएगा। 13 मई को बैंक, डाकघर, रेलवे एवं वित्तीय संस्थानों के माध्यम से नागरिकों को स्व-गणना हेतु प्रेरित किया जाएगा।14 मई को विद्यालयों,महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में “शिक्षा दिवस” के रूप में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। 15 मई को स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।16 मई को व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों एवं परिवहन क्षेत्रों में व्यापार एवं उद्योग दिवस के रूप में गतिविधियां संचालित की जाएंगी। 17 मई को महिला स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी एवं महिला संगठनों के माध्यम से महिलाओं एवं परिवारों तक अभियान पहुंचाया जाएगा।18 मई को सीएससी एवं पंचायत भवनों के माध्यम से डिजिटल सहायता केंद्र संचालित कर नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना में सहयोग प्रदान किया जाएगा। 19 मई को घर से कार्य करने वाले, ऑनलाइन कार्यकर्ताओं एवं सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के माध्यम से डिजिटल प्रचार अभियान चलाया जाएगा। 20 मई को विविध सामाजिक समूहों के सहयोग से समावेशी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से अधिकतम नागरिकों तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाएं तथा आमजन को स्व-गणना हेतु प्रेरित करें, जिससे जनपद में जनगणना कार्य पूर्ण सहभागिता एवं सफलता के साथ संपन्न हो सके।