Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

अंधा मोड़ पर टूटी पुल की रेलिंग बनी हादसों का कारण, ग्रामीणों में नाराजगी

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सादुल्लानगर( बलरामपुर)। मद्दोघाट से देवरिया को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर पिपरी गांव के पास बने पुल की टूटी रेलिंग राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गई है। पुल अंधा मोड़ पर स्थित होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलिंग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग ने इसकी मरम्मत कराने की कोई पहल नहीं की।ग्रामीण बनवारी, मनोज, नंदकिशोर, विजय, राजेश और रवि ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन, साइकिल सवार, पैदल राहगीर, स्कूल बसें, ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा भारी वाहन गुजरते हैं। अंधा मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहन समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात में सड़क फिसलन भरी होने पर पुल के किनारे रेलिंग न होने से वाहन अनियंत्रित होकर नीचे गिर सकते हैं। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से पुल की रेलिंग तत्काल ठीक कराने, चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.