जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
थाना में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में डीएम एवं एसपी की गणमान्य व्यक्तियों से संवाद, त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील
बलरामपुर।जनपद में आयोजित थाना समाधान दिवस पर डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन एवं एसपी विकास कुमार द्वारा थाना तुलसीपुर में फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया।इस दौरान थाना स्तर पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से भूमि विवाद तथा कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि विवादों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में पूर्ण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद किया गया। उन्होंने आगामी त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने की अपील करते हुए कहा कि आपसी भाईचारा एवं सामाजिक समरसता जनपद की पहचान है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्योहारों को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर लिए जाने के निर्देश भी दिए।थाना समाधान दिवस एवं पीस कमेटी की बैठक में राजस्व, पुलिस तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।