सात दिन से लापता वृद्धा का सड़क किनारे गड्ढे में मिला कंकाल, इलाके में मचा हड़कंप
रिपोर्ट – ब्यूरो अयोध्या धाम
जाना बाजार।संदिग्ध परिस्थितियों में लापता महिला का सातवें दिन सड़क के किनारे खंती में कंकाल के रूप में शव मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दो जनपदों की सीमा पर होने के चलते जनपद सहित सुल्तानपुर में खबरें सोशल मीडिया पर चलने लगीं। सूचना पर हैदरगंज व कूरेभार पुलिस भारी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गई। शिनाख्त होने के बाद शव को कूरेभार पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हैदरगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भोपा डुहिया निवासी बतुलन निशा (70) पत्नी याकूब अली 19 जून को बड़ी बेटी देवकली सरैया के यहां जाने को कहकर घर से निकली थी, लेकिन न घर लौटी न बेटी के यहां पहुंची। काफी खोजबीन के बाद छोटी बेटी ने हैदरगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।दामाद मोहम्मद सईद ने बताया कि वृद्धा अपनी सारी संपत्ति छोटी बेटी को लिख चुकी थी, किसी को एतराज नहीं था। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उसका कंकाल घोपा-फुलौना मार्ग किनारे गड्ढे में सुल्तानपुर सीमा पर पड़ा देखा।क्षेत्रवासी इसे सड़क दुर्घटना मान रहे हैं। हैदरगंज थाना ओअध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि सूचना पर दरोगा लक्ष्मीकांत तिवारी, अरुण कुमार यादव फोर्स के साथ मौके पर गए, लेकिन घटना कूरेभार क्षेत्र की होने पर संबंधित थाने को सूचना दी। कूरेभार थाना अध्यक्ष भूपेंद्र प्रताप सिंह, दरोगा नवीन चंद ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।