भीषण सड़क हादसा में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को मारी टक्कर, युवक की मौत, पिता समेत 6 घायल
रिपोर्ट – ब्यूरो बाराबंकी
मिलक (रामपुर)।मिलक थाना क्षेत्र के रौरा कला गांव के पास गुरुवार रात एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ऑटो सवार एक 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मृतक के पिता सहित छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, स्वार के मोहल्ला रसूलपुर निवासी ज़ैरान (22 वर्ष) अपने पिता रियासत के साथ मेलों में कॉस्मेटिक की दुकान लगाते हैं। गुरुवार को दोनों बरेली में चल रहे एक मेले से व्यापार कर ऑटो द्वारा वापस घर लौट रहे थे। इसी ऑटो में थाना शहजादनगर के ककरौआ गांव निवासी चार मजदूर—मोनू, लक्ष्मण, पिंकू और राजकुमार भी सवार थे, जो मिलक की एक कबाड़ दुकान पर ट्रक में कबाड़ लोड करने के बाद अपने घर जा रहे थे।गुरुवार रात करीब 10 बजे जैसे ही ऑटो रौरा कला गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक ज़ैरान की सांसें थम चुकी थीं।हादसे में घायल रियासत (मृतक के पिता), मजदूर मोनू, लक्ष्मण, पिंकू, राजकुमार और शाहाबाद निवासी ऑटो चालक शरीफ को तुरंत मिलक के स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सभी की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। हादसे के बाद सड़क पर लगे लंबे जाम को खुलवाकर यातायात सुचारू कराया गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। शुक्रवार सुबह 10 बजे मृतक के परिजनों ने मिलक कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।