Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत चला सघन वाहन चेकिंग अभियान

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

जिला स्तरीय अधिकारियों ने स्वयं संभाली जागरूकता की कमान, नियमों का पालन करने वालों का गुलाब देकर किया सम्मान

यातायात नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई, सुरक्षित वाहन संचालन का दिया गया संदेश

बलरामपुर।जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद के प्रमुख चौराहों पर विशेष जनजागरूकता एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत वीर विनय चौक, बलरामपुर सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने स्वयं उपस्थित होकर वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।अभियान के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों पर लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया।अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और थोड़ी सी सावधानी अनेक अमूल्य जीवन बचा सकती है।इस दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। वाहन चालकों के हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण-पत्र (आरसी), बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया गया।जांच के दौरान जिन वाहन चालकों के पास सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध पाए गए तथा जो यातायात नियमों का पालन करते हुए मिले, उन्हें गुलाब का पुष्प भेंट कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन करने वाले नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका सम्मान अन्य लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देता है।वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, वैध अभिलेख साथ रखने तथा जिम्मेदारी के साथ वाहन संचालन करने के लिए प्रेरित किया गया।अभियान के दौरान आमजन से अपील की गई कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, वाहन के सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन अपनाकर स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा में योगदान दें।प्रशासन द्वारा बताया गया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जनपद में इस प्रकार के विशेष जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.