डीएम ने स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया निरीक्षण, साइट डेवलपमेंट किए जाने के दिए निर्देश
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
मल्टीपरपज हॉल का होगा सुदृढ़ीकरण, मिनी स्विमिंग पूल के निर्माण से खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों के लिए भी विकसित होंगी सुविधाएं
बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए स्टेडियम परिसर एवं उसके बाहरी क्षेत्र में प्रस्तावित साइट डेवलपमेंट तथा ग्रीन कॉरिडोर विकसित किए जाने की कार्ययोजना का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्पोर्ट्स स्टेडियम को खिलाड़ियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी अधिक सुविधाजनक एवं आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने स्टेडियम के बाहर व्यवस्थित साइट डेवलपमेंट करते हुए हरित क्षेत्र विकसित किए जाने, सौंदर्यीकरण तथा मॉर्निंग वॉक के लिए बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मल्टीपरपज हॉल के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक सुधार कार्य कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि हॉल को इस प्रकार विकसित किया जाए कि विभिन्न इनडोर खेल गतिविधियों के आयोजन एवं खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।इसके साथ ही स्पोर्ट्स स्टेडियम में मिनी स्विमिंग पूल के निर्माण की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। मिनी स्विमिंग पूल के निर्माण से जनपद के खिलाड़ियों एवं युवाओं को तैराकी के प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित सभी कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करते हुए गुणवत्ता एवं उपयोगिता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में ऐसी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए बेहतर माहौल मिले तथा सुबह मॉर्निंग वॉक एवं व्यायाम के लिए आने वाले नागरिकों को भी स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो।प्रस्तावित विकास कार्यों के पूर्ण होने से स्पोर्ट्स स्टेडियम आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ-साथ फिटनेस एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता , अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव सिंह , अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका बलरामपुर व अन्य संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहें।