Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

आवारा कुत्ते का आतंक: दो दिन में 10 लोगों को बनाया शिकार, छह साल की बच्ची और 85 वर्षीय बुजुर्ग भी घायल

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

अचलपुर चौधरी समेत चार गांवों में दहशत, दो घायलों को गोंडा रेफर; बिना छेड़े ही लोगों पर झपट रहा कुत्ता

सादुल्लानगर,बलरामपुर। रेहरा बाजार क्षेत्र में एक आक्रामक आवारा कुत्ते का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। छह अगस्त से क्षेत्र में घूम रहे कुत्ते ने सात और आठ अगस्त को अचलपुर चौधरी समेत सांवली, पतकरपुर और परसिया गांव में 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में छह वर्षीय बच्ची से लेकर 85 वर्षीय बुजुर्ग तक शामिल हैं। कुत्ते के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ता बिना किसी छेड़छाड़ के अचानक लोगों पर झपट रहा है। अचलपुर चौधरी में मोहम्मद वसीम (22), राजेश यादव (40), राजा बाबू (28), राम धीरज (55), जुगनू प्रधान (85) और ओम प्रकाश (37) को कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद उसने सांवली, पतकरपुर और परसिया गांव में इम्तियाज (50), राम सवारे (40), प्रदीप (25) और छह वर्षीय पिहू को भी घायल कर दिया।कुत्ते के हमले में वसीम और राजेश यादव के पैर में गंभीर चोट आई। दोनों को सीएचसी सादुल्लानगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोंडा रेफर कर दिया गया। पिहू को भी गोंडा रेफर किए जाने की जानकारी है। अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया। सभी घायलों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई है।आक्रामक कुत्ते ने राजेश पांडे की भैंस को भी काट लिया। पशु चिकित्सक की ओर से भैंस को वैक्सीन लगाई गई है। फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
ग्राम प्रधान अचलपुर चौधरी संजय ने बताया कि कुत्ते को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के पास कुत्ते के वीडियो और फोटो भी मौजूद हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द कुत्ते को पकड़वाने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता बिना छेड़े ही लोगों पर हमला कर रहा है। इसके चलते बच्चों और बुजुर्गों में विशेष रूप से डर बना हुआ है। ग्रामीण अब घर से बाहर निकलते समय सतर्कता बरत रहे हैं और खुद ही कुत्ते को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।इस मामले में पशुपालन चिकित्साधिकारी डॉ. विमलेश कुमार से विभागीय पक्ष जानने के लिए कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। ऐसे में विभाग का पक्ष नहीं मिल सका।सीएचसी सादुल्लानगर के चिकित्साधिकारी डॉ. विजय भान ने बताया कि कुत्ते के काटने पर घाव को तत्काल साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। घाव पर किसी तरह की घरेलू चीज नहीं लगानी चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने के मामलों में एंटी-रेबीज टीकाकरण बेहद जरूरी है। लोगों को आक्रामक या संदिग्ध कुत्ते से दूरी बनाए रखनी चाहिए और बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजना चाहिए।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.