Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

तेंदुए के हमले और दहशत से 88 भेड़ों की मौत, पीड़ित परिवार से मिले सांसद राम शिरोमणि वर्मा

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के विकासखंड गैसड़ी अंतर्गत नगर पंचायत वार्ड खदगौरा में तेंदुए के हमले और उसकी दहशत से कन्हैयालाल पाल एवं विजय पाल की 88 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 13 भेड़ें घायल हो गईं। घटना से पीड़ित पशुपालक परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत से परिवार को भारी नुकसान हुआ है।घटना की जानकारी मिलने पर लोकसभा क्षेत्र श्रावस्ती के सांसद राम शिरोमणि वर्मा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली और मौके पर पहुंचकर उनकी पीड़ा को समझा। सांसद ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने संबंधित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए मृत एवं घायल भेड़ों के मुआवजे के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा अथवा वन्यजीवों के हमले से प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि घायल भेड़ों के उपचार की समुचित व्यवस्था की जाए तथा पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। सांसद ने वन विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।घटना के बाद खदगौरा क्षेत्र के पशुपालकों और ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।सांसद ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं और संबंधित विभागों से समन्वय कर नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.