Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की वार्षिक साधारण सभा में जनसेवा के अभियानों को निरंतर गति देने पर जोर

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

बलरामपुर/लखनऊ। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, उत्तर प्रदेश की वार्षिक साधारण सभा में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की माननीया राज्यपाल एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी उत्तर प्रदेश की अध्यक्षा श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने जनसेवा से जुड़े विभिन्न अभियानों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर संचालित करने का आह्वान किया।अपने संबोधन में राज्यपाल महोदया ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपने-अपने जनपदों में वृहद वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान शिविरों का आयोजन, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को विद्यालय भेजना सुनिश्चित करने तथा टी.बी. मरीजों को निरंतर पोषाहार पोटली का वितरण जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से इन जनकल्याणकारी अभियानों में निरंतर सक्रिय सहयोग किया जाना चाहिए।भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, उत्तर प्रदेश के सभापति एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने भी अपने संबोधन में सभी जनपदों में इन अभियानों को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने रेड क्रॉस के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा कार्यों का लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।वार्षिक साधारण सभा के दौरान जनपद बलरामपुर इकाई के यशस्वी चेयरमैन माननीय श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह जी को पैट्रन सदस्यता का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर बलरामपुर जनपद इकाई का प्रतिनिधित्व करते हुए कोषाध्यक्ष श्री अजय कुमार मिश्रा एवं आजीवन सदस्य श्री आलोक अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी दिल्ली की संयुक्त सचिव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।वार्षिक साधारण सभा में लगभग 65 जनपदों से 180 से अधिक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतिभाग किया। सभा के माध्यम से रेड क्रॉस सोसायटी के सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों को और अधिक व्यापक बनाने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.