आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹8 हजार से बढ़ाकर ₹12 हजार तथा सहायिकाओं का ₹4 हजार से बढ़ाकर ₹6 हजार किए जाने की घोषणा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
₹5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर एवं ₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा
जनपद की 2183 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं 2183 सहायिकाएं बढ़े मानदेय से होंगी लाभान्वित
बलरामपुर।प्रदेश में मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल कल्याण की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹8 हजार से बढ़ाकर ₹12 हजार तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय ₹4 हजार से बढ़ाकर ₹6 हजार किए जाने की घोषणा की गई। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को ₹5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर तथा ₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने की भी घोषणा की गई।इसी क्रम में कलेक्ट्रेट, में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने सजीव प्रसारण के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी का संबोधन सुना।कार्यक्रम में विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलरामपुर धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।जनपद की 4366 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मिलेगा बढ़े मानदेय का लाभ।मानदेय में वृद्धि की घोषणा से जनपद बलरामपुर में कार्यरत 2183 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं 2183 आंगनबाड़ी सहायिकाएं, अर्थात कुल 4366 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं लाभान्वित होंगी। मानदेय वृद्धि के साथ स्वास्थ्य बीमा एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा से उन्हें सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा भी प्राप्त होगी।
पोषण पोटली का हुआ वितरण।
कार्यक्रम के दौरान पोषण अभियान के तहत कुपोषण से सुपोषण की ओर अग्रसर महिलाओं एवं बच्चों को पोषण पोटली का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्वस्थ बाल विकास, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के बेहतर पोषण तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।इस अवसर पर माननीय विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं शासन की मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹8 हजार से बढ़ाकर ₹12 हजार और सहायिकाओं का ₹4 हजार से बढ़ाकर ₹6 हजार करने का निर्णय उनके योगदान के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान को दर्शाता है। इसके साथ ₹5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर एवं ₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण पहल की हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सशक्त करने से जमीनी स्तर पर महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन और प्रभावी होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने इन कल्याणकारी घोषणाओं के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी , जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।