सेवा संकल्प अभियान के तहत डीएम ने ग्राम बरमभारी में लगाई ग्राम चौपाल, ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया फीडबैक
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
डीएम ने नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का फीता काटकर किया शुभारंभ, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बन रही उपयोगी
पात्र व्यक्ति न रहे योजनाओं के लाभ से वंचित, कल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करें अधिकारी — डीएम
बलरामपुर।सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड उतरौला की ग्राम पंचायत बरमभारी में ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का ग्रामीणों से फीडबैक लेते हुए सत्यापन किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय में नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में जानकारी ली।जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराने में डिजिटल लाइब्रेरी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यहां उपलब्ध सुविधाओं एवं अध्ययन संसाधनों का अधिक से अधिक विद्यार्थी लाभ उठाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता की जाए, जिससे अधिकाधिक युवा यहां उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग कर अपनी तैयारी को बेहतर बना सकें।इसके उपरांत ग्राम पंचायत सचिवालय में आयोजित ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के बीच बैठकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने गांव में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, आशा कार्यकर्ता द्वारा नियमित भ्रमण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में भी ग्रामवासियों से सीधे फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे तथा गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं अन्य लाभार्थियों को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।इसी प्रकार जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय में पठन-पाठन एवं शैक्षिक गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, मिड-डे-मील की स्थिति, आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं तथा पोषाहार वितरण के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों से जुड़ी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत निधि से कराए गए विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखीय प्रगति के साथ-साथ ग्रामीणों से संवाद कर कार्यों का सत्यापन किया तथा निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को भी गंभीरतापूर्वक सुना। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि ग्रामीणों से सीधे संवाद कर यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित विभागों को पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन करते हुए सभी कल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम स्तरीय कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।