Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

भूमि विवाद के मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर कराए समाधान – डीएम

बलरामपुर।आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से तहसील उतरौला में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह भी मौजूद रहे।सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पूर्ति, पंचायती राज, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को पूरी गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद एवं राजस्व से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर प्रकरण का निष्पक्ष एवं नियमानुसार निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करते हुए दोनों पक्षों को सुनें तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे एक ही प्रकरण को लेकर फरियादी को बार-बार तहसील अथवा जिला मुख्यालय न आना पड़े।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न की जाए। निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए। उन्होंने पुराने एवं लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुना तथा संबंधित थाना प्रभारियों को प्रकरणों में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस से जुड़े संयुक्त मामलों में बेहतर समन्वय के साथ मौके पर जाकर कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया।डीएम ने किया तहसील उतरौला का विस्तृत निरीक्षण, राजस्व वादों एवं जनसेवाओं की समीक्षा।सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने तहसील उतरौला का विस्तृत निरीक्षण करते हुए विभिन्न पटलों, न्यायालयों एवं अभिलेखों की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी न्यायालय एवं तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण कर राजस्व वादों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों की जानकारी लेते हुए पुराने एवं लंबित प्रकरणों का नियमानुसार प्राथमिकता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा नियमित सुनवाई के माध्यम से लंबित मामलों की संख्या में कमी लाई जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील स्तर से जारी किए जाने वाले हैसियत प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र बनाए जाने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रमाण पत्रों से संबंधित सभी आवेदनों का निर्धारित समयावधि के भीतर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने आवास आवंटन एवं कृषि भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने पात्रता एवं नियमानुसार आवंटन की कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं एवं आवंटन का लाभ प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।इस दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना से संबंधित कार्यों एवं तैयारियों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने तहसील के विभिन्न पटलों पर रखे रजिस्टर एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए सभी रजिस्टरों में प्रविष्टियां समय से किए जाने तथा उन्हें अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।उन्होंने तहसील में आने वाले फरियादियों एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध ढंग से प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी उतरौला सहित संबंधित तहसील स्तरीय अधिकारी, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.