सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, स्मार्ट केन एवं बैसाखी का हुआ निःशुल्क वितरण
05 दिव्यांग लाभार्थियों को प्रदान किए गए शादी अनुदान योजना के स्वीकृति पत्र
बलरामपुर।दिव्यांगजनों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से जनपद में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड तुलसीपुर में वृहद दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के 67 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कुल 123 सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला द्वारा किया गया। विधायक ने दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए तथा उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।कार्यक्रम के दौरान 27 ट्राई साइकिल, 09 व्हीलचेयर, 40 हियरिंग एड (कान की मशीन), 11 स्मार्ट केन (सुगम्य छड़ी) तथा 36 बैसाखी सहित कुल 123 सहायक उपकरण 67 दिव्यांग लाभार्थियों को वितरित किए गए।आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण मिलने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।इसी क्रम में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांगजन शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत 05 पात्र लाभार्थियों को शादी अनुदान के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। इससे पात्र दिव्यांग दंपतियों को शासन की योजना का लाभ प्राप्त हो सकेगा।विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वितरित किए गए सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ाने के साथ ही उनके दैनिक कार्यों को सुगम बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध होंगे।सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों तक शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुगम बनाना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजीव कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी तुलसीपुर, खंड विकास अधिकारी हरैया सतघरवा सहित दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया।