Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

छह सूत्री मांगों को लेकर आशा संगिनियों ने सौंपा ज्ञापन, 22 अक्तूबर से भूख हड़ताल की चेतावनी

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

सादुल्लानगर(बलरामपुर)। मानदेय बढ़ाने समेत छह सूत्री मांगों को लेकर आशा संगिनियों ने सोमवार को सादुल्लानगर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजयभान को ज्ञापन सौंपा।संगिनियों ने मांगों का समाधान न होने पर 22 अक्तूबर से लखनऊ के ईको गार्डन में शांतिपूर्ण ढंग से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में संगिनियों ने कहा कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में कार्य कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं और मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने माह में 24 दिन के बजाय 30 दिन का मानदेय दिए जाने के साथ अन्य विभागों में कार्यरत सुपरवाइजरों की तरह सुविधाएं और सम्मानजनक मानदेय देने की मांग की।संगिनियों ने बताया कि सुपरविजन के दौरान उन्हें करीब 40 किलोमीटर तक यात्रा करनी पड़ती है। इसके बावजूद प्रति विजिट 300 रुपये का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने इसे बढ़ाकर 700 रुपये प्रति विजिट करने की मांग की। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में राज्य स्वास्थ्य कर्मचारी का दर्जा देने और मानदेय में प्रतिवर्ष 20 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग रखी।इसके अलावा किसी संगिनी की मृत्यु होने पर आश्रित को नौकरी और 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, भुगतान में कटौती किए जाने पर लिखित सूचना देने तथा मोबाइल रिचार्ज की राशि 250 से बढ़ाकर 350 रुपये करने की मांग की गई है। संगिनियों ने कहा कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो लखनऊ में प्रस्तावित आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.