Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

प्रभारी जिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में तेजी लाने एवं वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष ऋण वितरण में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश

बलरामपुर।जनपद में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने, स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से प्रभारी जिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई।बैठक के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण सहायता योजना, विभिन्न विभागों के माध्यम से हस्ताक्षरित एमओयू की प्रगति, निवेश मित्र पोर्टल तथा उद्यम रजिस्ट्रेशन सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।प्रभारी जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अब सीमित समय शेष है, ऐसे में योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभाग एवं बैंकर्स विशेष प्रयास करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने एवं उन्हें उद्यम स्थापना के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।प्रभारी जिलाधिकारी ने बैंकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण एवं स्वीकृत ऋण प्रकरणों में वितरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।उन्होंने बैंकर्स को निर्देशित किया कि ऋण आवेदनों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किया जाए। संबंधित बैंक शाखाएं पात्र आवेदकों के ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को बैंकर्स के साथ नियमित समन्वय स्थापित करते हुए योजना की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद का लक्ष्य प्रगति के निर्देश दिए।इसी प्रकार एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण सहायता योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य प्रगति के निर्देश दिए।प्रभारी जिलाधिकारी ने दोनों योजनाओं की बैंकवार समीक्षा करते हुए लंबित ऋण आवेदनों के निस्तारण एवं ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की स्वरोजगारपरक योजनाओं का लाभ पात्र युवाओं एवं उद्यमियों तक समय से पहुंचाया जाए, जिससे जनपद में स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना को बढ़ावा मिल सके।बैठक में जनपद में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के माध्यम से हस्ताक्षरित एमओयू की प्रगति की भी समीक्षा की गई।प्रभारी जिलाधिकारी ने निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से निवेश संबंधी प्रकरणों के निस्तारण एवं औद्योगिक गतिविधियों को गति प्रदान करने के निर्देश दिए।बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई। बताया गया कि पोर्टल पर कुल 494 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 490 प्रकरणों में प्रमाणपत्र, अनापत्ति अथवा स्वीकृति जारी की गई है।प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उद्यमियों को विभिन्न विभागीय अनुमतियां प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की बैठक के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता ने उपस्थित व्यापारियों एवं उद्यमियों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना।उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों एवं उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उद्योग एवं व्यापार से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा उद्यमियों को विभागीय स्तर पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उद्योगों की स्थापना, स्वरोजगार को बढ़ावा देने एवं निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित विभाग एवं बैंकर्स निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति लाने के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य करें।इस दौरान उपायुक्त उद्योग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण, बैंकर्स, व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.