डीएम ने ग्राम पंचायत भूसैलवा में लगाई जन चौपाल
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
ग्रामीणों से संवाद कर लिया कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक
स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण के साथ पेंशन योजनाओं से आच्छादन पर विशेष जोर
बलरामपुर।जनपद में शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक और प्रभावी पहल करते हुए जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने विकास खंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत भूसैलवा में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। चौपाल में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के लाभ में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संतृप्तिकरण अभियान को तेज गति से संचालित किया जाए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी पात्र निराश्रित महिलाओं एवं वृद्धजनों को निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धा पेंशन योजनाओं से आच्छादित किया जाए, कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे। इसके लिए ग्राम स्तर पर सत्यापन अभियान चलाकर शीघ्र लाभ प्रदान करने को कहा गया।पोषण पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण स्तर में निरंतर सुधार लाने, कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।उन्होंने ग्राम पंचायत में बेहतर स्वच्छता, पेयजल, परिवार रजिस्टर अद्यतन, लाभार्थी चिन्हांकन एवं जनजागरूकता अभियान को और सशक्त बनाएं जाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम स्तर पर नियमित जन संवाद एवं समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता , जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।