अवैध हेल्थ सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एमएस हेल्थ केयर सेंटर सील
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सादुल्लानगर/बलरामपुर। जनपद में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर शनिवार को क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत गठित जांच टीम ने गंधाउर नगर चौराहा फिरोजपुर स्थित एमएस हेल्थ केयर सेंटर पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान केंद्र में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर विभागीय टीम ने तत्काल प्रभाव से सेंटर को सील कर दिया।निरीक्षण के समय डॉ. वाहिद अली मरीजों का उपचार करते पाए गए। जांच टीम ने अस्पताल के अभिलेखों, पंजीकरण एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच की, जिसमें कई खामियां सामने आईं। जनहित और मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सेंटर को बंद करा दिया।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में बिना मानक एवं नियमों के संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।जांच टीम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय भान, चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकल्प मिश्रा तथा स्टाफ सदस्य दिनेश त्रिपाठी शामिल रहे।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि इलाज केवल पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त चिकित्सा संस्थानों से ही कराएं। विभाग ने यह भी बताया कि सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से उपचार, टीबी जांच एवं इलाज, बीपी-शुगर जांच, जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, एचआरपी गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी, प्रसव पूर्व जांच और एनसीडी स्क्रीनिंग जैसी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध हैं।