27 चोरी के मोबाइल फोन के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार, छह आईफोन भी बरामद
रिपोर्ट – ब्यूरो अयोध्या धाम
अयोध्या। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रौनाही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए 27 मोबाइल फोन के साथ दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लाल चंद्र सरोज के नेतृत्व में थाना रौनाही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया।पूछताछ में अभियुक्ताओं ने स्वीकार किया कि वे बाजार, वाहनों तथा घरों से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बेचने का कार्य करती थीं।गिरफ्तार अभियुक्ताओं की निशानदेही पर पुलिस ने छह आईफोन एवं 21 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल संख्या 27 है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 216/2026, धारा 317(2) एवं 317(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्ताओं को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया।गिरफ्तार अभियुक्ताओं में चन्दा सबर (50 वर्ष) पत्नी दीपक सबर तथा पुरिला (25 वर्ष) पत्नी राहुल शामिल हैं। दोनों झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जनपद के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित इंचड़ा गांव की निवासी हैं।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक लाल चंद्र सरोज, उपनिरीक्षक आकाश शुक्ला, उपनिरीक्षक बालेन्द्र प्रताप सिंह, महिला उपनिरीक्षक सुरभि लता तथा महिला कांस्टेबल धीरज यादव शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।