सुंदरघाट जंगल के पास दो बाइकों की भिड़ंत, 10 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत, दो घायल घायल
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाजार (बलरामपुर)। उतरौला-रेहरा मार्ग पर मंगलवार शाम सुंदरघाट जंगल के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में 10 वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेहरा बाजार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, तुलसीपुर निवासी इरफान अपनी पत्नी असीसुन्निसा और 10 वर्षीय पुत्री गौसिया के साथ बड़हरा भिटौरा स्थित अपनी मौसी के घर आए थे। यहां से मौसी के पुत्र निजामुद्दीन के साथ सभी लोग बाइक से बंजरिया हुसैन लक्ष्मणपुर स्थित ननिहाल जा रहे थे। इसी दौरान सुंदरघाट जंगल के पास सामने से आ रही राहुल वर्मा उर्फ रोहित की बाइक से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में गौसिया (10) पुत्री इरफान तथा निजामुद्दीन पुत्र कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई।दुर्घटना में इरफान, उनकी पत्नी असीसुन्निसा, राहुल वर्मा उर्फ रोहित तथा ईयाजुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रेहरा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेहरा बाजार पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इनमें राहुल वर्मा उर्फ रोहित की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।रेहरा बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी रेहरा बाजार में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।