Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

जनपद में बालिका शिक्षा की नई शुरुआत, डिजिटल प्लेटफॉर्म से शुरू हुई पढ़ाई

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

डीएम की विशेष पहल पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं आश्रम पद्धति विद्यालयों में देश के अग्रणी डिजिटल स्टडी प्लेटफॉर्म ‘फिजिक्स वाला’ से प्रारंभ हुई पढ़ाई

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की नई पहल से जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों एवं आश्रम पद्धति विद्यालय विशुनपुर विश्राम की छात्राओं के लिए देश के अग्रणी डिजिटल स्टडी प्लेटफॉर्म फिजिक्स वाला के माध्यम से नियमित डिजिटल कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हो गया है।इस पहल के तहत छात्राएं अब विद्यालय परिसर में ही आधुनिक डिजिटल माध्यम से विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार गुणवत्तापूर्ण वीडियो लेक्चर, अध्ययन सामग्री, प्रैक्टिस मॉड्यूल एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित सामग्री का लाभ ले रही हैं। पढ़ाई शुरू होने के साथ ही छात्राओं में उत्साह का माहौल है और वे नई तकनीक के माध्यम से सीखने के अनुभव को लेकर काफी उत्साहित हैं।
ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की बालिकाओं को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। डिजिटल शिक्षा के माध्यम से छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ते हुए उनके ज्ञान, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धी क्षमता को मजबूत किया जा रहा है। यह पहल भविष्य में उनके उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के मार्ग को और अधिक सशक्त बनाएगी।विद्यालयों में डिजिटल अध्ययन व्यवस्था के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्राएं नियमित रूप से ऑनलाइन अध्ययन कर रही हैं, जिससे उनकी विषयगत समझ और सीखने की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।बलरामपुर जैसे सीमावर्ती एवं आकांक्षी जनपद में बालिका शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभर रही है। आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा के समन्वय से छात्राओं के सपनों को नई उड़ान मिल रही है तथा उन्हें महानगरों के विद्यार्थियों के समान अध्ययन के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। यह पहल जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बालिका सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.