Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

जिला सत्र न्यायालय में महिला पेशकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

किराए के कमरे में बेड पर मिला शव, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट

बलरामपुर। जिला न्यायालय में तैनात महिला पेशकार अर्चना सिंह (करीब 45 वर्ष) की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कोतवाली देहात क्षेत्र के धुसाह गांव स्थित किराए के मकान के कमरे में बेड पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। महिला को तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह काफी देर तक अर्चना सिंह के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां अर्चना सिंह बेड पर मृत अवस्था में मिलीं।अर्चना सिंह सिविल जज जूनियर डिवीजन/CAW कोर्ट में पेशकार के पद पर तैनात थीं और पिछले कई वर्षों से बलरामपुर में अपनी सेवाएं दे रही थीं। वह मूल रूप से बहराइच जिले के जरवल रोड की रहने वाली थीं। बताया गया कि वह तलाकशुदा थीं और बलरामपुर में अकेले किराए के मकान में रहती थीं। उनकी इकलौती बेटी श्रेयांशी सिंह हरिद्वार में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। पुलिस ने बेटी को घटना की सूचना दे दी है।मेडिकल कॉलेज के अधीन संयुक्त जिला चिकित्सालय के चिकित्सक पीके तिवारी के मुताबिक अस्पताल लाए जाने के समय अर्चना सिंह की पल्स और ब्लड प्रेशर नहीं मिल रहा था। ईसीजी में भी फ्लैट लाइन मिली।प्रारंभिक जांच में चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।बताया जा रहा है कि अर्चना सिंह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उन्हें किडनी संबंधी बीमारी भी थी। वह गायत्री मंदिर परिवार से भी जुड़ी हुई थीं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।महिला पेशकार की अचानक मौत की खबर से जिला न्यायालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। न्यायालय के कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने घटना पर दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मौत की परिस्थितियों को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.