Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस संपन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी — डीएम

बलरामपुर।शासन की मंशानुरूप आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से तहसील बलरामपुर सदर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना।उन्होंने प्राप्त प्रकरणों के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसमें प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लें। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के रूप में न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने भूमि विवाद एवं राजस्व से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरण, जिनका निस्तारण मौके पर जाकर ही संभव है, उनमें स्थलीय निरीक्षण अवश्य किया जाए तथा दोनों पक्षों को सुनते हुए नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रहे। उन्होंने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी नियमित समीक्षा किए जाने तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण से आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होता है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, पंचायती राज, विद्युत, कृषि, पूर्ति, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.