मुख्यमंत्री ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का किया शुभारंभ
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा
कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ जनपद स्तरीय कार्यक्रम, महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान वितरित कर दिया गया रक्षाबंधन का उपहार
बलरामपुर।मातृशक्ति के सम्मान, सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया। इस योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह पहल वरिष्ठ मातृशक्ति को सम्मान देने के साथ ही उनके आवागमन को सुगम एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इसी क्रम में जनपद में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण किया गया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों एवं महिलाओं ने माननीय मुख्यमंत्री जी का संबोधन सुना।जनपद स्तरीय कार्यक्रम में साड़ी एवं मिष्ठान देकर मातृशक्ति का सम्मान।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन एवं कल्याण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। महिलाओं एवं बालिकाओं को केंद्र में रखते हुए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी।रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश सरकार द्वारा माताओं, बहनों एवं बेटियों को विशेष सौगात के तहत निशुल्क यात्रा 27 अगस्त 2026 की प्रातः 6:00 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इससे रक्षाबंधन पर महिलाओं को अपने भाइयों एवं परिजनों के पास आने-जाने में सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा प्राप्त होगी।रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान का वितरण किया गया। जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारियों ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण एवं सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों से उन्हें जोड़ना रहा।इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलरामपुर धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, विधायक बलरामपुर सदर प्रतिनिधि ब्रजेंद्र तिवारी , एआरएम रोडवेज सहित जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।