Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

घर के कमरे में संदिग्ध हालात में दंपती की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

रिपोर्ट – तसलीम खान

उतरौला।बलरामपुर के गैडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के गांव से सोमवार को एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां एक दंपती अपने ही कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले। पति-पत्नी के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। कमरे के अंदर दोनों बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान 28 वर्षीय मनोज कुमार और उनकी 26 वर्षीय पत्नी मंजू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज कुमार बाहर रहकर नौकरी करते थे और जुलाई महीने में ही घर लौटे थे। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। माता-पिता की अचानक मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों समेत पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी के साथ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पांडे के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन दंपती ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल एक साथ पति-पत्नी की मौत से पीरगैंडास गांव में मातम पसरा है और परिवार के सामने दो मासूम बच्चों की परवरिश की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.