गाजे-बाजे के साथ निकली गणपति विसर्जन यात्रा, जयकारों से गूंजा क्षेत्र
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
अयोध्या धाम और कुशमौरा घाट पर सरयू व कुआनो नदी में हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन
सादुल्लानगर(बलरामपुर)। गणपति महोत्सव के समापन पर रविवार को सादुल्लानगर कस्बे समेत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गणपति विसर्जन यात्राएं धूमधाम से निकाली गईं। गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पूरे रास्ते ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।सादुल्लानगर कस्बे के अलावा अहरौला, अचलपुर चौधरी, रामपुर अरना, मद्दों भट्ठा समेत कई स्थानों से गणपति प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा निकाली गई। इससे पहले श्रद्धालुओं ने प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाए गए वाहनों पर विराजमान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच यात्रा रवाना हुई।विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लेकर गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। रास्ते में कई जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर उत्साह बढ़ाया।श्रद्धालुओं की कुछ टोलियां गणपति प्रतिमाओं को लेकर अयोध्या धाम पहुंचीं, जबकि कुछ कुशमौरा घाट गईं। वहां सरयू और कुआनो नदी में विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। गणपति बप्पा को विदाई देते समय श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। विदाई के दौरान कई श्रद्धालुओं की आंखें नम भी हो गईं।विसर्जन यात्रा में विष्णु गुप्ता, बहरैची गुप्ता, रमेश तिवारी, संतोष कुमार गुप्ता, राम लौटन, दीपू जायसवाल, राधेश्याम गुप्ता, सुमित गुप्ता, बजरंगी यादव, रमेश जायसवाल, राहुल, आशीष, विनोद कुमार और रामचंद्र समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। यात्रा के दौरान शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।