124 कार्यक्रमों से गूंजेगा सेवा संकल्प अभियान, रंगमंच पर दिखेगी मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
हर विधानसभा क्षेत्र में होंगे 31 कार्यक्रम, नाट्य मंचन के जरिए आमजन तक पहुंचेगा सेवा और सुशासन का संदेश
बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को बलरामपुर जिले में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 124 कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 31-31 कार्यक्रम किए जाएंगे। अभियान की यह रूपरेखा रविवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने जारी की।रवि मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को सांस्कृतिक माध्यमों से आमजनतक पहुंचाना है। अभियान के तहत जिले के गांवों, विद्यालयों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि अभियान का प्रमुख आकर्षण ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। इसमें कलाकार संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से नरेंद्र मोदी की गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की सेवा यात्रा को प्रस्तुत करेंगे। नाटकों में जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे जुड़े प्रेरक प्रसंगों को भी मंचित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’ ने कहा कि अभियान सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह, जिला मीडिया प्रभारी डी.पी. सिंह वैस, जिला सह मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी डी.पी. सिंह वैस और सह मीडिया प्रभारी अवधेश पाण्डेय ने बताया कि विधानसभा स्तर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।